रेलवे AC चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास के किराए में 25% तक की कटौती,ये है शर्ते

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी। रेलवे बोर्ड ने सभी ट्रेनों के एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास के किरायें में 25% तक की कटौती करने की घोषणा की है। यह रियायती दरें केवल उन ट्रेनों के किराये पर लागू होंगी जिनमें पिछले 30 दिनों के दौरान 50% सीटें ही भर पाई थीं। यात्रा किराया में कटौती का लाभ वंदे भारत, अनुभूति और विस्टाडोम बोगियों वाली ट्रेनों के यात्रियों को भी मिलेगा। ट्रेनों का किराया कॉम्पिटिटिव मोड ऑफ ट्रांसपोर्ट पर भी निर्भर करेगा। रेल मिनिस्ट्री ने एसी सीटों वाली ट्रेनों में रियायती किराया योजनाएं शुरू करने के लिए सभी रेलवे जोन्स के चीफ कमर्शियल मैनेजर्स को पावर दी है। वे अपने-अपने जोन में किराया तय कर सकेंगे। इसमें अन्य चार्ज जैसे रिजर्वेशन चार्ज, सुपर फास्ट सरचार्ज, जीएसटी आदि अलग से लगाए जाएंगे।

नये टिकट बुकिंग पर ही लागू होगा रियायत किराया

रेलवे के आदेशानुसार किराया में कटौती का नियम तत्काल से लागू होगा, लेकिन पहले से सीट बुक करा चुके यात्रियों को किराया नहीं लौटाया जाएगा। इसके अलावा छुट्टियों या त्योहारों के मौसम में चलाई जाने वाली विशेष ट्रेनों पर यह योजना लागू नहीं होगी। नवसंचालित वंदे भारत ट्रेनों के कुछ रूटों में यात्रियों की संख्या में कमी होने के चलते रेलवे ने यात्रा किराया की समीक्षा की है।

इस रूट में वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 29% सीटें ही भरीं

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जून महीने में भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 29% सीट ही भरी हुई थीं। वहीं, इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 21% ऑक्यूपेंसी रही। भोपाल से जबलपुर तक एसी चेयरकार का किराया ₹1055 है, जबकि एग्जीक्यूटिव चेयर कार का टिकट ₹1,880 का है। हालांकि, वापसी में इसका किराया अलग है। इसमें एक एसी चेयर के लिए ₹955 और एक एग्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए ₹1790 का टिकट है। इसके अलावा इंदौर से भोपाल तक एसी चेयर का किराया ₹810 और एग्जीक्यूटिव चेयर कार टिकट की कीमत ₹1,510 है। इन आंकड़ों के मद्देनजर भी रेलवे ने किराया समीक्षा की है।

नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत की भी सीटें उम्मीद से काफी कम

नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की करीब 55% सीटें ही बुक हो पा रही हैं। नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2,045 रुपए है, जबकि चेयर कार का किराया 1,075 रुपए है।

सबसे ज्यादा कासरगोड-त्रिवेन्द्रम रुट पर यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे हैं

देश भर में अब तक 25 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा चुकी हैं। टॉप ऑक्यूपेंसी वाली वंदे भारत ट्रेनों में कासरगोड से त्रिवेन्द्रम (183%), त्रिवेन्द्रम से कासरगोड (176%), गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल (134%)शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button